गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने वीरवार को सेक्टर-21 स्थित सरकारी जमीन पर बने अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब आधा एकड़ भूमि को खाली कराया। यह कार्रवाई एचएसवीपी शहरी संपदा अधिकारी नंबर-1 राकेश सैनी के आदेशानुसार की गई।
मिली जानकारी के अनुसार जेई गौरव यादव जिनके पास इस समय एसडीओ सर्वे का अतिरिक्त कार्यभार है के नेतृत्व में वीरवार को थाना पालम विहार सेक्टर-22 पुलिस बल के साथ इंफोर्समेंट टीम मौके पर पहुंची और अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। उन्होंने बताया कि दिल्ली के कुछ लोगों द्वारा सरकारी जमीन पर करीब 10 टीन शेड के कमरे बनाकर अवैध कब्जा किया गया था। कार्रवाई के दौरान कब्जाधारियों द्वारा दिल्ली पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया था, लेकिन एचएसवीपी अधिकारियों ने सरकारी जमीन के दस्तावेज और पैमाइश रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसके बाद दिल्ली पुलिस वापस लौट गई।
मौके पर कुछ लोगों द्वारा सरकारी कार्य में बाधा डालने, बहसबाजी, धक्का-मुक्की और विरोध करने की भी घटना सामने आई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध रूप से बनाए गए सभी टीन शेड और कमरों को ध्वस्त कर दिया गया तथा जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया। वहीं जेई ललित हंस ने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि किसी ने दोबारा इस जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एचएसवीपी अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई से दो दिन पहले मुनादी कराकर कब्जाधारियों को जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए थे। इस अभियान के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार जगदीश चंद्र बिश्नोई भी मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान संजीव यादव, गुरदीप, सुरत पटवारी, बलविंदर, वीरेंद्र, वीरपाल तथा सर्वे टीम के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

