गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: नगर निगम गुरुग्राम द्वारा “नई सोच-नया शहर, स्वच्छ हरियाणा” अभियान के अंतर्गत सेक्टर-22 मार्केट में व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य बाजार क्षेत्र में स्वच्छता को बढ़ावा देना, कचरा अलगाव के प्रति जागरूकता फैलाना तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना था। अभियान के दौरान दुकानदारों, स्थानीय निवासियों एवं राहगीरों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि नगर निगम गुरुग्राम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. जयवीर यादव उपस्थित रहे। वार्ड नंबर-3 के पार्षद नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी तथा बुलंद आवाज़ वेलफेयर सोसाइटी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मौजूद रहीं।
इस मौके पर अपने संबोधन में डॉ. जयवीर यादव ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, दुकान और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प ले, तो गुरुग्राम को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल किया जा सकता है। उन्होंने लोगों को गीला कचरा, सूखा कचरा, घरेलू हानिकारक कचरा तथा सैनिटरी वेस्ट के लिए चार अलग-अलग कूड़ेदान रखने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर पर कचरे को अलग अलग करने से कचरा प्रबंधन व्यवस्था अधिक प्रभावी बनती है तथा पर्यावरण संरक्षण में भी सहायता मिलती है। डॉ. यादव ने दुकानदारों से अपनी दुकानों के बाहर सफाई बनाए रखने और ग्राहकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की। वार्ड नंबर-3 के पार्षद ने लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने दुकानदारों एवं नागरिकों से प्लास्टिक बैग, प्लास्टिक कप एवं अन्य सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री का उपयोग बंद करने तथा कपड़े एवं बायोडिग्रेडेबल बैग जैसे विकल्प अपनाने की अपील की।नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी ने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा जब समाज का प्रत्येक वर्ग इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएगा। उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
वहीं बुलंद आवाज़ वेलफेयर सोसाइटी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष यादव ने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन की पहचान है। कार्यक्रम के दौरान कुलदीप हिन्दुस्तानी एवं प्रिंका यादव द्वारा दुकानदारों, स्थानीय निवासियों एवं क्षेत्रवासियों को स्वच्छता शपथ भी दिलाई गई। सभी लोगों ने अपने घर, दुकान एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा कचरा इधर-उधर न फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नगर निगम गुरुग्राम के सह सफाई निरीक्षक श्रीकांत शर्मा, मुकेश, सुभाष, अमित, अश्वनी, प्रदीप एवं स्वच्छता टीम ने अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा सेक्टर-22 मार्केट एसोसिएशन के प्रधान विपिन जैन, राकेश मलिक, आरडब्ल्यूए सेक्टर-22बी के प्रधान श्रीपाल यादव, मनोज, सहित स्थानीय दुकानदारों एवं वार्डवासियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों ने गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए निरंतर सहयोग देने का संकल्प लिया। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा भविष्य में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान निरंतर चलाए जाने की बात कही गई।


