गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम में हरियाणा महिला कांग्रेस ने डाकखाना चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम पोस्टकार्ड भेजकर नारी शक्ति वंदन बिल को तुरंत लागू करने की मांग की।प्रदर्शन का नेतृत्व हरियाणा महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने किया, उन्होंने भाजपा सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि 30 सितंबर 2023 को संसद में महिला आरक्षण बिल पारित होने के बावजूद भी अभी तक ठंडे बस्ते में डालना भाजपा की दोहरी राजनीति को दर्शाता है!चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा केवल महिलाओं के सशक्तिकरण का ढोंग कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनावों से पहले बिल पास करना और फिर जनगणना व परिसीमन के नाम पर इसे टालना यह साबित करता है कि सरकार की मंशा महिलाओं को उनका हक देने की बजाय केवल वोट बटोरने की है।
प्रदर्शनकारियों ने पोस्टकार्ड के माध्यम से प्रधानमंत्री के समक्ष कई महत्वपूर्ण बिंदू रखे। उन्होंने मांग की कि वर्तमान 543 लोकसभा सीटों के आधार पर ही महिला आरक्षण को तुरंत लागू किया जाए।वहीं जनगणना और परिसीमन की प्रतीक्षा करने के बजाय बिल में आवश्यक संशोधन किए जाएं। साथ ही, इस बिल के अंतर्गत अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि समाज के हर वर्ग की भागीदारी हो सके।कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा सरकार जानबूझकर बिल को लागू करने में देरी कर रही है। पर्ल चौधरी ने स्पष्ट किया कि जनगणना और परिसीमन की शर्त लगाकर सरकार ने इस कानून को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महिलाओं को उनका हक तुरंत नहीं मिला, तो यह आंदोलन दिनों दिन और ज्यादा उग्र होता जाएगा। जिससे सरकार की जड़ें हिल जाएगी।

