गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: शहर को अवैध विज्ञापनों से मुक्त करने और यातायात को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम द्वारा गुरुवार रात विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान द्वारका एक्सप्रेसवे और सेक्टर-66 में समानांतर कार्रवाई की गई। अभियान के तहत दो दिन में कुल 22 अवैध यूनिपोल हटाए गए।
*दो स्थानों पर एक साथ कार्रवाई*
नगर निगम की टीमों ने रात के समय विशेष ड्राइव चलाकर द्वारका एक्सप्रेसवे और सेक्टर-66 क्षेत्र में अवैध रूप से लगाए गए यूनिपोलों को हटाया। रात में कार्रवाई करने का उद्देश्य यातायात बाधित किए बिना कार्य को सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरा करना था।
*सुरक्षा और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता*
निगम अधिकारियों के अनुसार, अवैध यूनिपोल न केवल शहर की सौंदर्यता को प्रभावित करते हैं, बल्कि कई बार दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। इसलिए इन्हें हटाना आवश्यक है। अभियान के दौरान भारी मशीनों की सहायता से यूनिपोलों को उखाड़कर जब्त किया गया।
*चालू वित्त वर्ष में 85.41 करोड़ की आय*
उल्लेखनीय है कि विज्ञापन फीस के रूप में नगर निगम के खजाने में पैसा जमा होता है और यह निगम की आय का प्रमुख स्त्रोत है। वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक निगम के खजाने में विज्ञापन से आय के तौर पर 85.41 करोड़ रुपए जमा हुए हैं। यह राशि शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं पर खर्च की जाती है। नगर निगम का लक्ष्य है कि शहर में कोई भी विज्ञापन बिना अनुमति के न लगे। इसके लिए विज्ञापन दाताओं को भी यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनका विज्ञापन स्वीकृत साइट पर ही लगे। अगर कोई विज्ञापन अवैध साइट पर लगा पाया जाएगा तो नगर निगम उस फर्म से भी तीन गुणा राशि वसूल करने की कार्रवाई करेगा, जिसका विज्ञापन लगा हुआ पाया जाएगा।
*नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई अभियान जारी*
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति लगाए गए विज्ञापन ढांचे पूरी तरह अवैध हैं और इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। संबंधित व्यक्तियों पर नियमानुसार जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
निगमायुक्त ने बताया कि शहर भर में अवैध विज्ञापन, यूनिपोल और होर्डिंग हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे बिना अनुमति कोई विज्ञापन संरचना न लगाएं और शहर को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग करें। विज्ञापन का प्रदर्शन कराने से पहले यह सुनिश्चित अवश्य कर लें कि उक्त साइट की स्वीकृति है या नहीं। यह विज्ञापन दाता की जिम्मेदारी है। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा स्वीकृत साइटों की जानकारी वेबसाइट www.mcg.gov.in पर अपलोड की हुई है।

