गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : हरियाणा सरकार की ऑनलाइन तबादला नीति (ट्रांसफर पॉलिसी) को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों ने विरोध जताया है। मंगलवार को यहां सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल से ऑल पैरामेडिकल स्टाफ ने संयुक्त रूप से सिविल सर्जन डा. लोकवीर को ज्ञापन सौंपा। सरकार से मांग की है कि इस पॉलिसी को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए। क्योंकि इसका पूरे हरियाणा के कर्मचारियों में रोष है। मंगलवार को सेक्टर-10 अस्पताल परिसर में सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल और जिला नागरिक अस्पतााल के सभी पैरा मेडिकल स्टाफ के सदस्यों द्वारा ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में बैठक की गई। बैठक में सभी कर्मचारियों ने इस पॉलिसी का विरोध जताते हुए असहमति जताई। कहा गया कि हरियाणा सरकार मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी-2025 के तहत ऑनलाइन तबादला अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत करने की घोषणा की है। इस चरण में 29 विभागों एवं बोर्डों के 271 कैडरों को शामिल किया जाएगा। इसमें स्वास्थ्य विभाग भी शामिल है। इंट्रा हरियाणा पोर्टल पर 20 फरवरी तक अपनी जानकारी अपडेट करने को कहा है।
सरकार के इस निर्णय को स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने अव्यवहारिक बताया है। इस पॉलिसी से पूरे हरियाणा के कर्मचारियोंं में रोष है।बैठक में शामिल हुए कर्मचारियों ने सरकार से अनुरोध किया है कि जो कर्मचारी अपनी इच्छा से अपना तबादला करवाना चाहें, केवल उन्होंने कर्मचारियों का ऑनलाइन पॉलिसी के तहत तबादला किया जाए। तबादला करवाने वाले कर्मचारियों से ही ऑनलाइन आवेदन मांगें जाएं। कर्मचारियों ने विनम्र आग्रह किया कि सभी कर्मचारी संघों के साथ वार्ता करके एक व्यवहारिक और मानवीय नीति तैयार की जाए। सिविल सर्जन को महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, सिविल सर्जन गुरुग्राम, पीएमओ गुरुग्राम को दिए गए ज्ञापन में ऑल पैरामेडिकल स्टाफ की ओर से कहा गया कि स्वास्थ्य विभाग में हाल ही में लागू की गई स्थानांतरण नीति के संबंध में अपनी चिंताएं और समस्याएं आपके समक्ष रख रहे हैं। इस पर विचार करके कर्मचारियों की ऑनलाइन तबादला नीति को बदला जाए।

