
गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प पथ पर शिक्षा एक अहम कड़ी है। इसी को ध्यान में रखते हुए हरियाणा सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर परिवर्तनकारी प्रयास कर रही है, ताकि मजबूत शैक्षिक आधार के साथ देश की प्रगति और अधिक सुदृढ़ हो सके। कैबिनेट मंत्री रविवार को सेक्टर-34 स्थित डीपीजी कॉलेज के वार्षिक उत्सव ‘सारंग’ में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में संस्था प्रबंधन से पूर्व डिप्टी स्पीकर गोपीचंद गहलोत भी मौजूद रहे।
मंत्री राव नरबीर सिंह ने वार्षिक उत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि जब हरियाणा का गठन हुआ था, तब गुरुग्राम और दक्षिण हरियाणा को विकास की दृष्टि से पिछड़ा माना जाता था। समय के साथ औद्योगिकीकरण और रियल एस्टेट में हुए निवेश ने गुरुग्राम को वैश्विक पहचान दिलाई है। हालांकि, शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर करने की आवश्यकता को समझते हुए भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने 2014 से अब तक कई निर्णायक कदम उठाए हैं।राव ने कहा कि गुरुग्राम विश्वविद्यालय उन्हीं दूरदर्शी प्रयासों का साकार रूप है, जो क्षेत्र में उच्च शिक्षा को नई दिशा दे रहा है। सरकार का लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक अवसंरचना और उद्योग-शिक्षा समन्वय के माध्यम से युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है, ताकि विकसित हरियाणा के साथ विकसित भारत का सपना साकार हो सके।

