
गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), गुरुग्राम द्वारा सेक्टर-40 स्थित लॉ कॉलेज में “मैनेजिंग द डिजिटल वर्ल्ड-थिंक बिफोर यू शेयर” अभियान के अंतर्गत साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना था।यह कार्यक्रम मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, डीएलएसए गुरुग्राम राकेश कादियान के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। जागरूकता सत्र के दौरान प्रतिभागियों को इंटरनेट और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, किसी भी सूचना या सामग्री को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करने, फर्जी व भ्रामक खबरों से सावधान रहने तथा डिजिटल लत से बचने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने विभिन्न प्रकार की साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के उपाय, व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा, मजबूत पासवर्ड और गोपनीयता उपायों के साथ-साथ साइबर अपराध के पीड़ितों को उपलब्ध कानूनी सहायता एवं अधिकारों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), गुरुग्राम द्वारा विद्यार्थियों और आम जनता में डिजिटल साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भविष्य में भी शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।

