

गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : नशा किसी भी समाज की सबसे बड़ी बुराई है, यह युवाओं का भविष्य और परिवारों की खुशियां छीन लेता है। हमें मिलकर यह संकल्प लेना होगा कि गुरुग्राम जिले को नशे के जाल से पूरी तरह मुक्त करेंगे। यह बात एडीसी वत्सल वशिष्ठ ने नशामुक्त भारत अभियान की तैयारियों को लेकर लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
उन्होंने बताया कि आगामी 13 अगस्त 2025 को नशामुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिले के स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध सामूहिक प्रतिज्ञा का मेगा आयोजन किया जाएगा। यह अभियान केवल एक दिन नहीं, बल्कि पूरे अगस्त माह तक जिले में चलाया जाएगा।
एडीसी ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा सभी थानों और चौकियों में स्टाफ व आमजन के साथ सामूहिक प्रतिज्ञा करवायी जाएगी। शिक्षा विभाग सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध लेखन, रंगोली, पोस्टर प्रतियोगिता और प्रतिज्ञा का आयोजन किया जाएगा। तकनीकी शिक्षण संस्थान और उच्च शिक्षा विभाग वेबिनार, नुक्कड़ सभा, रैलियां और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
साथ ही उन्होंने बताया कि खेल विभाग खेल संस्थानों में मैराथन, खेलकूद प्रतियोगिताएं और विशिष्ट खिलाड़ियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। महिला एवं बाल विकास विभाग आंगनवाड़ी वर्कर, आशा वर्कर और हेल्पर के माध्यम से गांवों में रैलियां व जागरूकता अभियान चलाएगा। पंचायती राज विभाग द्वारा सभी ग्राम पंचायतों में सरपंच, पंच और ग्रामीणों को एकत्र कर जागरूकता और प्रतिज्ञा करवायी जाएगी।
एडीसी ने बताया कि शहरी स्थानीय निकाय विभाग नगर क्षेत्रों में पार्षदों व नागरिकों के साथ जागरूकता कार्यक्रम करेगा। जिला कार्यक्रम प्रबंधक स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा गांवों में रैलियां और नुक्कड़ सभाएं आयोजित करेगा। जिले में कार्यरत गैर-सरकारी संस्थाएं भी अपने स्तर पर रैलियां और प्रतिज्ञा कार्यक्रम करेंगी।
बैठक में सीटीएम सपना यादव, एसीपी सुशीला, रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव विकास, स्वास्थ्य विभाग से अजय, सरफराज़ ख़ान, शिक्षा विभाग से सुरेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
