
गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : हरियाणा सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर लोगों के लिए एक उपयोगी मंच बन रहे हैं। यह बात गुरुग्राम के एसडीएम परमजीत चहल ने लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर के दौरान कही। एसडीएम परमजीत चहल ने शिविर में आए नागरिकों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं। इस दौरान कुल 16 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि बाकी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर समय सीमा तय की गई।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालयों में न जाना पड़े।एसडीएम ने बताया कि गुरुग्राम जिले में जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर हर सप्ताह सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लगाए जा रहे हैं।
इन शिविरों में राजस्व, नगर निगम, बिजली, जल आपूर्ति और सामाजिक कल्याण विभागों के अधिकारी मौजूद रहते हैं। नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शिविरों का फायदा उठाएं। इस अवसर पर सीटीएम सपना यादव, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त विशाल, एसीपी विष्णु प्रसाद, नगर निगम गुरुग्राम के एक्सईएन परवीन राघव, एसडीओ राहुल यादव, एसडीओ अजमेर सिंह, एलडीएम विनोद कुमार बजाज, जेई मोहित यादव तथा चिकित्सा अधिकारी अपिला कादियान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

