
गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : कांग्रेस नेता ने कहा कि संसद में भाषण देते हुए गुरुग्राम में कोई भी समस्या ना होने की बात कहने वाले, समस्याओं से मुकरने वाले केंद्रीय मंत्री गुरुग्राम में आकर समस्याएं देख जाएं। विशेष तौर पर वे बसई रोड पर जरूर आएं, जहां पर धंसी सडक़ लोगों को मौत का न्यौता दे रही है।
कांग्रेस नेता शुक्रवार देर शाम कांग्रेस के कुछ जागरूक लोगों की शिकायत पर बसई रोड स्थित फिरोजगांधी कालोनी के सामने पहुंचे। वहां पर मौजूद कांग्रेस के नेता हरकेश वाल्मीकि, राजीव यादव, जगदीश यादव, श्रीराम, महेंद्र सिंह, मास्टर चमनलाल, अजीत, नरेंद्र सिह, श्रीभगवान राजू सौदा, ओमप्रकाश, मनोज आहुजा, दीपक सिंह समेत अनेक स्थानीय लोगों ने सड़क पर खड़े होकर अपना रोष जताया । लोगों ने कहा कि गुरुग्राम की जनता से विकास के नाम पर वोटों की ठगी करने वाली भाजपा सरकार को यहां की समस्याएं या तो नजर नहीं आतीं या फिर वे यहां से आंख मूंदकर निकलते हैं। उन्होंने कहा कि बसई से गुरुग्राम शहर में पटौदी चौक की तरफ की सडक़ पर तीन जगहों से सडक़ धंसी हुई है। दो जगह तो इतना बड़ा गड्ढा हो चुका है कि पूरा ट्रक भी उसमें समा जाए। लोग आसपास से निकलते जरूर हैं, लेकिन जान सबकी खतरे में है। क्योंकि सडक़ नीचे से चारों तरफ से धंस चुकी है। काफी गहराई में नाले में पानी चलता नजर आ रहा है। सरकार इन गड्ढों को विकास का नाम दे रही है और कह रहा है कि गुरुग्राम में कोई समस्या नहीं। सडक़ों पर पैचवर्क करके भ्रष्टाचार फैलाने का यह नतीजा है कि रोज कहीं ना कहीं सडक़ धंस रही है।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता हरकेश वाल्मीकि ने कहा कि फिरोजगांधी कालोनी में अच्छी-खासी आबादी है। रोजाना हजारों लोगों का यहां से आना-जाना है। जिस तरह यह सडक़ धसी है, उससे बड़ा हादसा होना लाजिमी है। यहां नगर निगम कुछ काम नहीं कर रहा। सिर्फ डंडे और रस्सी बांधने का काम नगर निगम का है, बाकी कोई काम नहीं है।

