गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने मंगलवार को गुरुग्राम के गाँव बजघेड़ा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नए भवन का शिलान्यास किया। यह भवन सीएसआर पहल के तहत चिंटल ग्रुप द्वारा बनाया जाएगा। इस अवसर पर ग्रामीणों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि नए भवन से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। मंत्री ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार गुरुग्राम के विकास को लेकर गंभीर और प्रतिबद्ध है। सरकार नागरिकों, सामाजिक संगठनों और आरडब्ल्यूए से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कर रही है। बहुत जल्द नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य और शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर में ठोस बदलाव देखने को मिलेंगे।मंत्री ने बताया कि सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर काम करते हुए कमजोर और पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। पारदर्शी व्यवस्था के चलते योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुँच रहा है।
इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी कैप्टन इंदु बोकन कसाना, खंड शिक्षा अधिकारी सुदेश राघव, चिंटल ग्रुप से अशोक सोलोमन और प्रशांत सोलोमन, निगम पार्षद रामावतार, स्कूल प्रिंसिपल चंचल तथा अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

