गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने रविवार को आयोजित जनगणना समीक्षा बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक के दौरान निगमायुक्त ने कहा कि जिन कर्मचारियों के खिलाफ नगर निगम द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई है और इसके बावजूद भी उन्होंने अपने आवंटित क्षेत्र में जनगणना कार्य शुरू नहीं किया है, उनके विरुद्ध अब न्यायालय में कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसके साथ ही ऐसे कर्मचारियों को निलंबित भी किया जाएगा।
*24 कर्मचारियों के खिलाफ भेजी गई थी FIR की शिकायत*
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि नगर निगम गुरुग्राम द्वारा 24 कर्मचारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के लिए शिकायत भेजी गई थी। इनमें से कुछ कर्मचारियों ने अभी तक जनगणना कार्य शुरू नहीं किया है, जिस पर निगमायुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।सोमवार तक सभी ब्लॉकों में कार्य शुरू करने के निर्देशनिगमायुक्त प्रदीप दहिया ने बैठक में स्पष्ट कहा कि सोमवार तक सभी ब्लॉक में जनगणना कार्य हर हाल में शुरू हो जाना चाहिए। उन्होंने सभी संयुक्त आयुक्तों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित दौरा करें और कार्य की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
*आरडब्ल्यूए से भी मांगा सहयोग*
जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए निगमायुक्त ने विभिन्न आरडब्ल्यूए से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि संयुक्त आयुक्त अपने क्षेत्रों में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जनगणना कार्य में सहयोग सुनिश्चित करें, ताकि यह महत्वपूर्ण कार्य समय पर और प्रभावी ढंग से पूरा हो सके।
*“लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं”*
बैठक के दौरान निगमायुक्त ने साफ संदेश देते हुए कहा कि “जनगणना कार्य राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। जो कर्मचारी कार्य नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।”बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी, रविन्द्र यादव, डॉ जयवीर यादव व पूजा चांवरिया, जोनल टैक्सेशन अधिकारी पंकज कुमार, राजेश यादव व बीएस छोकर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।



