गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने वीरवार को एनएचएआई, जीएमडीए तथा नगर निगम अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को सफाई व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, बागवानी, अतिक्रमण हटाने तथा आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने राजीव चौक, झाड़सा चौक, सिग्नेचर टावर चौक, एमडीआई चौक, अतुल कटारिया चौक एवं शीतला माता रोड सहित आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर मौजूद समस्याओं का मौके पर निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।राजीव चौक निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने एनएचएआई अधिकारियों को आवश्यक सिविल वर्क जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं जीएमडीए अधिकारियों को ग्रीन बेल्ट एवं बागवानी कार्यों को बेहतर ढंग से विकसित करने को कहा गया। नगर निगम अधिकारियों को सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, पर्याप्त संख्या में डस्टबीन लगाने तथा नियमित कचरा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर पड़े मलबे, खराब बिजली खंभों एवं अन्य अव्यवस्थित सामग्री को हटाने के भी निर्देश जारी किए गए। निगमायुक्त ने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों एवं चौराहों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाए रखना सभी विभागों की संयुक्त जिम्मेदारी है।
उन्होंने झाड़सा चौक क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट के विकास के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्थानों पर फुटपाथों की मरम्मत, पेंटिंग एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। मुख्य चौराहों और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए संबंधित विभागों को नियमित अभियान चलाने के निर्देश दिए। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि नागरिकों को बेहतर वातावरण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

