गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: नशा मुक्ति अभियान की पाँचवीं वर्षगाँठ के उपलक्ष्य में डीसी अजय कुमार के निर्देशानुसार और जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू के मार्गदर्शन में जिला गुरुग्राम के सभी आयुष औषधालयों में नशा मुक्ति अभियान का आयोजन किया गया।
इस अभियान के तहत आयुष चिकित्सकों द्वारा नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक नुकसानों के बारे में आमजन को जागरूक किया गया। साथ ही, लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई: “युवा किसी भी राष्ट्र की ऊर्जा होते हैं और उनके योगदान का समाज एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण स्थान है। अतः आवश्यक है कि युवा अधिक से अधिक संख्या में नशामुक्त भारत अभियान से जुड़ें। देश की इस चुनौती को स्वीकार करते हुए, हम प्रतिज्ञा करते हैं कि न केवल स्वयं, बल्कि अपने परिवार, मित्र, समुदाय और समाज को भी नशामुक्त बनाने का दृढ़ संकल्प लेते हैं। हम यह भी प्रतिज्ञा करते हैं कि अपने देश को नशामुक्त बनाने हेतु अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव प्रयास करेंगे।”जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू ने बताया कि इस अभियान का लक्ष्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना और उन्हें समाज के सकारात्मक विकास में सहभागी बनाना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

