गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: शहर में सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के तहत बुधवार को वाटिका चौक के पास नगर निगम गुरुग्राम द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध कब्जों को हटाकर सरकारी जमीन को पूरी तरह खाली कराया गया। कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट सहायक अभियंता वसीम अकरम की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई में नगर निगम की टीम के साथ जेई कपिल यादव और जेई वरुण भी मौके पर उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया की निगरानी करते हुए अवैध निर्माणों को हटवाया और भूमि को कब्जामुक्त कराया।अभियान के दौरान करीब 2000 वर्ग गज सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया गया। लंबे समय से कब्जे में पड़ी इस जमीन को खाली कराने के बाद इसे सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम भी उठाए जा रहे हैं। निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

