गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवाएँ प्राधिकरण, गुरुग्राम द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य न्यायालय परिसर में आने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं तथा न्यायालयीन कर्मचारियों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना एवं उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना था।इस अवसर पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव, जिला विधिक सेवाएँ प्राधिकरण राकेश कादियान ने कहा कि न्यायालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य की नियमित जाँच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के शिविरों से बीमारियों की समय रहते पहचान संभव होती है तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिलती है।
शिविर के दौरान चिकित्सकीय टीम द्वारा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप, शुगर, बीएमआई/वजन सहित अन्य आवश्यक जाँचें की गईं। साथ ही उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया तथा आवश्यकता अनुसार आगे की जाँच एवं उपचार के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।इस स्वास्थ्य जाँच शिविर से लगभग 250 लोगों ने लाभ उठाया। प्राधिकरण ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी जनहित में इस प्रकार के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।

