
गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने आज सोहना स्थित राघव वाटिका में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शिरकत कर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। लायंस क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में 35 सौभाग्यशाली कन्याओं का सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ केवल सरकारी नारा नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। कन्यादान को सबसे बड़ा दान बताते हुए राव नरबीर सिंह ने कहा कि एक साथ अनेक बेटियों के विवाह का आयोजन करना अत्यंत पुण्य का कार्य है, जिसके लिए लायंस क्लब और आयोजक संस्था प्रशंसा की पात्र है।
श्री राव ने सोहना और नूंह क्षेत्र के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार इस क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सोहना एनसीआर का महत्वपूर्ण हिस्सा है और यहां आधारभूत ढांचे, सड़कों, शिक्षा एवं औद्योगिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आने वाले समय में क्षेत्र के विभिन्न ब्लॉकों में औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। इस अवसर पर राव नरबीर सिंह ने समाज के सक्षम वर्ग से ऐसे सामाजिक और जनकल्याणकारी आयोजनों में आगे आकर सहयोग करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने आयोजक संस्था को 21 लाख रूपये की सहयोग राशि देने की घोषणा भी की।
आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, समाजसेवी रोहतास बेदी, लायंस क्लब के रीजन चेयरमैन अनिल मेहता, वाइस रीजन चेयरमैन ललित मोहन, सुभाष बंसल सहित अन्य गणमान्य व वर-वधू के परिजन उपस्थित रहे।


