गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित समाधान शिविर आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए एक भरोसेमंद और उपयोगी माध्यम साबित हो रहे हैं। यह बात एडीसी सोनू भट्ट ने लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर के दौरान कही।एडीसी सोनू भट्ट ने शिविर में आए नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना है, जिससे अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
एडीसी ने बताया कि शिविर में कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर उनकी स्पष्ट समयसीमा निर्धारित की गई है।उन्होंने जानकारी दी कि गुरुग्राम जिला एवं उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर प्रत्येक सप्ताह सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर में नगर निगम, राजस्व, बिजली, जल आपूर्ति, सामाजिक कल्याण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहते हैं, जिससे त्वरित समाधान संभव हो पाता है।
इस अवसर पर नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त विशाल, डीडीपीओ नवनीत कौर, एचएसवीपी एसडीओ अजमेर सिंह, डीटीपी (प्लानिंग) प्रवीण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

