गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गुरुग्राम में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक व शैक्षिक कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, करियर परामर्श सत्र, संस्थान सफाई अभियान तथा उभरते और भावी कौशल विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रक्तदान शिविर रहा, जिसका शुभारम्भ गुरुग्राम भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने किया। शिविर का संचालन सिविल अस्पताल गुरुग्राम की चिकित्सक टीम द्वारा किया गया। इसमें 75 छात्रों एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज सेवा का आदर्श प्रस्तुत किया।
प्रिंसिपल रविन्द्र कुमार ने बताया कि संस्थान परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों व स्टाफ ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संस्थान सफाई अभियान भी चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता के महत्व पर बल दिया। करियर परामर्श सत्र में विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को भविष्य की रोजगार संभावनाओं और करियर विकल्पों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। वहीं उभरते और भावी कौशल संगोष्ठी में उद्योग विशेषज्ञों ने छात्रों को उद्योग 4.0,आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में कौशल विकास के अवसरों की जानकारी दी।संस्थान के सभी प्रशिक्षकों, स्टाफ व विद्यार्थियों ने इन कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लिया और सेवा, सहयोग, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता व आधुनिक कौशल विकास के प्रति सकारात्मक संदेश दिया।

