
गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहरी) के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही महंगाई का विशाल पुतला फूंका। सिद्धेश्वर चौक पर काफी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता एकत्रित हुए। सरकार के खिलाफ पहले जमकर नारेबाजी की और विशालकाय पुतला फूंका। विशेष बात यह रही कि जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार ने मौके पर ही पहुंचकर ज्ञापन लिया।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी गुरुग्राम ने बुधवार को केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिला शहरी अध्यक्ष डावर के नेतृत्व में सेंकड़ों कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल, एलपीजी व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, बेरोजगारी, हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा युवाओं के साथ हो रहे अन्याय और नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर नारेबाजी की। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां, बैनर लेकर शामिल हुए। महंगाई वापस लो, युवाओं को रोजगार दो, नीट पेपर लीक की जांच सीबीआई से कराओ, एचपीएससी में भ्रष्टाचार बंद करो जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
प्रदर्शन में काफी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। मई महीने में ही दो बार पेटेल-डीजल के दाम बढ़ाने पर सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कांग्रेस जिला शहरी अध्यक्ष ने कहा कि गर्मी की आग के बीच महंगाई की आग में आम जनता जल रही है। सरकार ने महंगाई की चक्की में सबको पीसने का काम किया है। आक्रोषित जनता भाजपा सरकार को सबक सिखाने को तैयार है। भाजपा ने हर वर्ग को बुरी तरह से प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता की कमर तोड़ दी है। एक तरफ महंगाई आसमान छू रही है, दूसरी तरफ युवा बेरोजगारी से परेशान हैं, पेट्रोल 110 रुपये प्रति लीटर और घरेलू एलपीजी सिलेंडर 1200 रुपये के पार पहुंच गया है। आम आदमी की रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। सरकार को जनता से कोई हमदर्दी नहीं है। जनता को सरकार दर्द ही दे रही है।
वहीं हरियाणा लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एचपीएससी की भर्तियों में लगातार धांधली हो रही है। हरियाणा के युवाओं को योजनाबद्ध तरीके से बाहर किया जा रहा है और दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। पेपर लीक, भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद एचपीएससी की पहचान बन गए हैं। नीट यूजी परीक्षा पेपर लीक को लेकर उन्होंने कहा कि इस कांड ने लाखों छात्रों के भविष्य पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। सरकार दोषियों को बचाने में लगी है। हमारी मांग है कि नीट परीक्षा दोबारा कराई जाए और पूरे मामले की सीबीआई जांच हो।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी, एचपीएससी में भ्रष्टाचार और नीट पेपर लीक पर जल्द कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस इस आंदोलन को तेज करेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा का युवा और आमजन भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का जवाब आने वाले चुनाव में देगा। कांग्रेस पार्टी सडक़ से सदन तक जनता की आवाज उठाती रहेगी। इस अवसर पर कांग्रेस की महिला प्रदेश अध्यक्ष, युवा प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मेयर प्रत्याशी, सीमा हुड्डा, मनीष, अनिल धानक, राजेश यादव,अभिषेक यादव, परविंदर, रमाकांत सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
