चंडीगढ़, सतीश कौशिक: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में विपक्ष का आचरण देश की महिलाओं के सम्मान के खिलाफ था और इससे महिलाओं की भावनाएं आहत हुई हैं।शुक्रवार को गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय गुरुकमल में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए त्रिवेदी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष की “नारी विरोधी सोच” के कारण नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम पारित नहीं हो सका।
त्रिवेदी ने संसद में विपक्षी नेताओं के व्यवहार की आलोचना करते हुए कहा कि वोटिंग के दौरान तालियां बजाना, मेज थपथपाना और हंसी उड़ाना महिलाओं का अपमान है। उन्होंने इसे “दानवी अट्ठास” करार देते हुए कहा कि यह आचरण देश की महिलाओं के हृदय में “शूल की तरह चुभ गया है।”उन्होंने मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते वर्षों में महिलाओं के जीवन स्तर को सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत महिलाओं को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ा गया, जबकि स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से शौचालय निर्माण ने उनकी गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित की। इसके अलावा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान से समाज में बेटियों के प्रति सोच में सकारात्मक बदलाव आया है।त्रिवेदी ने कहा कि हरियाणा जैसे राज्यों में लिंगानुपात में सुधार इन योजनाओं की सफलता का प्रमाण है। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है।विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं और उत्तर-दक्षिण के बीच विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा सरकार महिला आरक्षण के अपने संकल्प को अंततः पूरा करेगी। इस मौके पर मिडिया प्रभारी अरविंद सैनी,मनीष सैदपुर,वरूण चौहान,अजय दुआ,शारदा शर्मा आदि मौजूद रहीं।

