गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: नगर निगम गुरुग्राम द्वारा अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगम वार्ड के गांव सुखराली जोहड़ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 4000 गज सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया। उक्त सरकारी जमीन पर पिछले करीब 40 वर्षों से लोगों ने अवैध कब्जे कर रखें थे, जिसे अब प्रशासन ने पुलिस मदद से सफलतापूर्वक खाली करा लिया है।
शुक्रवार की इस कार्रवाई का नेतृत्व ड्यूटी मजिस्ट्रेट यतेन्द्र कुमार ने किया। वहीं उनके साथ जेई अंकित कपूर, पटवारी परवीन तथा पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान चलाया गया। मौके पर किसी भी प्रकार के विरोध या कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कब्जा हटाने के लिए 4 जेसीबी मशीनों का उपयोग किया गया, जिससे अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त किया गया। इस सफल कार्रवाई के लिए स्थानीय पार्षद अनूप सिंह ने मेयर राजरानी मल्होत्रा, निगमायुक्त प्रदीप दहिया सहित उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई लंबे समय से लंबित थी और अब इसे पूरा कर प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है।इसके अतिरिक्त, क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए निगमायुक्त प्रदीप दहिया द्वारा इस पोंड के सौंदर्यकरण के लिए लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान की गई है।
इस परियोजना में एडिशनल कमिश्नर रविन्द्र यादव, एक्सईएन हॉर्टिकल्चर संदीप, एसडीओ पवन तथा जेई गुलशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन का धन्यवाद किया और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

