गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : पेयजल सीवरेज कनेक्शन प्राप्त करने की जटिल प्रक्रिया को सरल बनाते हुए नगर निगम गुरुग्राम प्रदेश का पहला ऐसा निगम बन गया है, जिसने इसके लिए पूर्णतः आसान और पारदर्शी ऑनलाइन मॉड्यूल शुरू किया है। एमसीजी द्वारा विकसित यह नया सिस्टम अब आधिकारिक वेबसाइट www.mcg.gov.in पर उपलब्ध है, जहां से नागरिक घर बैठे ही आवेदन कर सकेंगे। नए मॉड्यूल के तहत अब उपभोक्ताओं को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। केवल अपनी प्रॉपर्टी आईडी और पहचान प्रमाण पत्र (जैसे आधार कार्ड, वोटर कार्ड आदि) के आधार पर नया पेयजल व सीवरेज कनेक्शन प्राप्त किया जा सकेगा। इससे प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और नागरिक-हितैषी बन गई है। बील भुगतान की तिथि बढ़ाकर 8 मार्च की गई*

नए मॉड्यूल के लागू होने के कारण उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम गुरुग्राम ने पानी के बिल भुगतान की अंतिम तिथि पहले ही बढ़ाकर 8 मार्च कर दी है। इससे उपभोक्ताओं को विलंब शुल्क (लेट फीस) से राहत मिलेगी और वे आसानी से नए सिस्टम के अनुरूप अपने कनेक्शन लिंक कर सकेंगे।
*पारदर्शिता और सुविधा बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम*
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को अधिकतम सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराना और प्रक्रियाओं को सरल बनाना है। यह नया मॉड्यूल पेयजल व सीवरेज सेवाओं को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय रहते अपने कनेक्शन लिंक कर लें।
*डिजिटल गुरुग्राम की ओर एक और कदम- मेयर*
मेयर राजरानी मल्होत्रा के अनुसार यह पहल न केवल प्रशासनिक दक्षता बढ़ाएगी, बल्कि अनावश्यक देरी को भी कम करेगी। साथ ही, डेटा का केंद्रीकरण होने से भविष्य में स्मार्ट सिटी सेवाओं के लिए भी यह सिस्टम महत्वपूर्ण आधार साबित होगा।
